IndiKnow 24x7 Back

नान्दल खाप ने पैरालंपिक खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले हिमांशु नान्दल को नकद पुरस्कार, नान्दल रत्न सम्मान से नवाजा


IndiKnow, रोहतक । अखिल भारतीय नान्दल खाप की ओर से रविवार को नान्दल भवन परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली पैरा तैराक हिमांशु नान्दल के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतीय नान्दल खाप के अध्यक्ष ओमप्रकाश नान्दल ने की। इस अवसर पर हिमांशु नान्दल को उनकी शानदार खेल उपलब्धियों के लिए नकद पुरस्कार एवं खाप के सर्वोच्च सम्मान अखिल भारतीय नान्दल रत्न से सम्मानित किया गया।

समारोह का मंच संचालन नान्दल खाप के महासचिव डॉ. संजीत नान्दल ने किया। उन्होंने हिमांशु की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने तैराकी के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हिमांशु ने अब तक 15 राष्ट्रीय स्वर्ण पदक,  छह राष्ट्रीय रिकॉर्ड सहित अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। इसके अलावा उन्होंने पैरा एशियन खेलों में भी देश का प्रतिनिधित्व कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि हिमांशु ने वर्ष 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले पैरालंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया है, जो पूरे क्षेत्र और हरियाणा के लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हिमांशु नान्दल की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपनी शारीरिक चुनौतियों को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया और कठिन परिश्रम, दृढ़ इच्छाशक्ति तथा आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

खाप अध्यक्ष ओमप्रकाश नान्दल ने कहा कि नान्दल खाप हमेशा खिलाडिय़ों के साथ खड़ी रही है और आगे भी खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करती रहेगी। आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की हरसंभव आर्थिक सहायता की जाएगी, ताकि संसाधनों की कमी किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा और सफलता के रास्ते में बाधा न बने। इस अवसर पर वक्ताओं ने हरियाणा सरकार से भी खिलाडिय़ों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश को सर्वाधिक पदक दिलाने वाले राज्यों में अग्रणी रहा है, लेकिन इसके बावजूद राज्य के खेल बजट में और बढ़ोतरी की आवश्यकता है। केंद्र सरकार से भी हरियाणा के खेल बजट में उचित वृद्धि करने का आग्रह किया गया, ताकि खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रोत्साहन मिल सके।

इस अवसर पर अठगामा प्रधान अजयपाल, योगेन्द्र नान्दल, डॉ. सुरेश कुमार नान्दल, देवराज नान्दल, ऋषिपाल नान्दल, जसवंत नान्दल, सतपाल नान्दल, अंजना बलवान नान्दल, मनजीत पहलवान, प्रधान श्याम, अलमपाल, कृष्ण शास्त्री बोहर, कृष्ण कालिमा, रमेश, सुभाष, सुरेंद्र नान्दल सहित खाप के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। समारोह में उपस्थित लोगों ने हिमांशु नान्दल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह वर्ष 2028 के पैरालंपिक खेलों में शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगे।

More from 24x7