स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार मिठाई का मंजू हुड्डा ने किया शुभारंभ, लोगों को किया जागरूक
IndiKnow, रोहतक। हरियाणा आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की गई मिठाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोहतक में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने कार्यक्रम में पहुंचकर मिठाई का उद्घाटन किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को लोगों के बीच प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर मंजू हुड्डा ने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। महिलाओं द्वारा अपने परिश्रम और हुनर से तैयार किए जा रहे उत्पाद न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक हैं, बल्कि उन्हें अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर भी प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार मिठाइयों एवं अन्य उत्पादों को खरीदकर उनका उत्साहवर्धन करें। स्थानीय स्तर पर तैयार इन उत्पादों को बढ़ावा मिलने से महिलाओं की आमदनी बढ़ेगी और आत्मनिर्भरता के अभियान को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार मिठाई और उनके कार्यों को लेकर लोगों में जागरूकता पैदा करने पर विशेष जोर दिया गया।
