रोटरी क्लब रोहतक सेंट्रल द्वारा शिक्षा भारती विद्यालय में मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन
IndiKnow, रोहतक। रोटरी क्लब रोहतक सेंट्रल द्वारा आज शिक्षा भारती विद्यालय, गोहाना रोड, रोहतक के प्रांगण में एक विशाल मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में मणिपाल हॉस्पिटल्स की विशेषज्ञ मेडिकल टीम एवं नरूला डायग्नोस्टिक सेंटर के सहयोग से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। कैंप के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों की डेंटल, ईएनटी (कान, नाक एवं गला) तथा नेत्र जांच की गई। इस आयोजन में नरूला डायग्नोस्टिक सेंटर के डॉक्टर अपूर्व नरूला का विशेष सहयोग रहा। साथ ही MDS डॉक्टर ललिता, Mouth Masters Dental Clinic ने अपनी विशेषज्ञ डेंटल सेवाओं का सहयोग प्रदान किया और विद्यार्थियों की दंत जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सभी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की। विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक एवं स्टाफ तथा आसपास के गांवों से आए लोगों ने भी इस शिविर का भरपूर लाभ उठाया। इस अवसर पर रोटरी क्लब रोहतक सेंट्रल के अध्यक्ष रोटेरियन सुमित परुथी ने कहा कि क्लब का सदैव यही प्रयास रहा है कि समाज के अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाए तथा उन्हें समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने मणिपाल हॉस्पिटल्स की पूरी मेडिकल टीम, डॉक्टर अपूर्व नरूला एवं MDS डॉक्टर ललिता का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी विद्यालय में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का नियमित रूप से आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी एवं जरूरतमंद लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें। अध्यक्ष सुमित परुथी ने इस सफल आयोजन के लिए शिक्षा भारती विद्यालय के डायरेक्टर श्री संजय सोनी, प्रिंसिपल श्री जितेंद्र चावला एवं अंजू मैडम का विशेष आभार व्यक्त किया तथा उनके सहयोग एवं बेहतरीन व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ रोटेरियन विनोद चौधरी, सेक्रेटरी रोटेरियन प्रीति चुघ, फर्स्ट लेडी श्रीमती गीत परुथी, रोटेरियन पुलकित जैन सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। रोटरी क्लब रोहतक सेंट्रल समाज सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे अनेक प्रकल्प आयोजित करता रहेगा।
