बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित, 150 से अधिक युवाओं ने लिया भाग
- लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के अधिकार और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर किया जागरूक
IndiKnow, रोहतक। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत तथा जिला उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में मेरा युवा भारत (माय भारत) की ओर से स्थानीय बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाना, जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका को प्रोत्साहित करना रहा। इस कार्यक्रम में 150 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम देशव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद’ पहल का हिस्सा है, जिसका आयोजन 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में किया जा रहा है। कार्यक्रम में बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनोद कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं, यूथ आइकन सुश्री अंकिता ने ‘अपने वोट को जानो’ विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए युवाओं को मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया।
मुख्य अतिथि विनोद कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का लोकतंत्र अत्यंत मजबूत है और इसे और अधिक सशक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विश्वास बनाए रखना और संविधान द्वारा प्रदत्त मतदान के अधिकार का प्रत्येक चुनाव में जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा देश के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी, नागरिक जिम्मेदारियों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सवाल पूछे और अपने विचार साझा किए। संवादात्मक सत्र के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने तथा अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने, सोच-समझकर निर्णय लेने, मतदान के अधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने और एक जागरूक नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रतिबद्धता दोहराई। जिला युवा अधिकारी परम राठी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माय भारत का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं के करीब लाकर उन्हें देश की विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है। ‘युवा संवाद’ जैसी पहल युवाओं को अपनी सोच, आकांक्षाओं और जिम्मेदारी की भावना को सकारात्मक दिशा देने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाशक्ति को राष्ट्र निर्माण के केंद्र में रखते हुए युवाओं को ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य की प्राप्ति में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करती है, ताकि युवा न केवल देश की प्रगति के प्रति जागरूक बनें, बल्कि उसमें सक्रिय भूमिका भी निभाएं। इस अवसर पर नवीन, बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, डॉ. मंजीत, पंकज राणा तथा सूबेदार (सेवानिवृत्त) जय शंकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
