IndiKnow 24x7 ताज़ा हिंदी समाचार · हर क्षण
हरियाणा की खेल नीति दूसरे राज्यों के लिए बनी रोल मॉडल : महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी

हरियाणा की खेल नीति दूसरे राज्यों के लिए बनी रोल मॉडल : महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी

🇮🇳 हिंदी📅 12 Oct 2026✍️ IndiKnow
WhatsApp Telegram X / Twitter

-एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाडियों ने जमाई धाक
-20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप के समापन समारोह में खिलाड़ियों को किया सम्मानित

IndiKnow, रोहतक । हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि हरियाणा सरकार की खेल नीति दूसरे राज्यों के लिए रोल मॉडल बन चुकी है। राज्य सरकार की प्रगतिशील खेल नीति, खिलाड़ियों की लगन और अनुशासन के परिणामस्वरूप प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

श्रुति चौधरी रविवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक में आयोजित 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप-2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि खिलाड़ियों को सम्मानित करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न एशियन गेम्स में भारत द्वारा जीते गए 85 पदकों में से 22 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए। इनमें 14 स्वर्ण पदक शामिल हैं। यह उपलब्धि प्रदेश की खेल नीति और खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम का प्रमाण है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की खेल नीति के सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं। ओलंपिक और एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को देश में सर्वाधिक नकद पुरस्कार राशि प्रदान करना, पदक लाओ-पद पाओ योजना के तहत सरकारी नौकरियों के अवसर उपलब्ध करवाना तथा जमीनी स्तर पर आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करना खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

श्रुति चौधरी ने कहा कि तीन दिवसीय राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से टीमों ने भाग लिया और खिलाड़ियों ने पूरे जोश एवं ऊर्जा के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे पहले मंत्री श्रुति चौधरी ने खेल कोर्ट में पहुंचकर हरियाणा और मध्य प्रदेश की टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा चैंपियनशिप की स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने नशा मुक्त अभियान के तहत जागरूकता बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

फ्लोरबॉल को बढ़ावा देने से मजबूत होगी खेल संस्कृति : गजेंद्र फौगाट

हरियाणा फ्लोरबॉल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र फौगाट ने कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं प्रदान करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि पैदा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। फ्लोरबॉल जैसे खेलों को प्रोत्साहन मिलने से प्रदेश में खेल संस्कृति मजबूत होगी और युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकेंगे।

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के खेल विभाग के निदेशक कुलताज सिंह ने भी कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना में दिवंगत चौधरी बंसीलाल की अहम भूमिका का उल्लेख करते हुए उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।


अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को किया सम्मानित

समारोह की मुख्य अतिथि श्रुति चैधरी ने एशियन गेम्स की पदक विजेता निशानेबाज सुरुचि फौगाट और मुक्केबाज प्रवीण हुड्डा के साथ-साथ फ्लोरबॉल की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मनीषा को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष रेनू डाबला, भाजपा युवा नेता दीपक निवास हुड्डा, फ्लोरबॉल एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपेंद्र आर्य, सचिव सुरजीत नैन, सह सचिव सुनील फोगाट, कोषाध्यक्ष सुशील शास्त्री, जाट संस्था के उपाध्यक्ष नरेश काला, मनमोहन गोयल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

More from 24x7

← मुख्य पृष्ठ पर वापस जाएं / Back to IndiKnow