-आयुर्वेदिक कॉलेज में हवन एवं रक्तदान शिविर का आयोजन, संस्था के विकास के लिए 21 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा
IndiKnow, रोहतक। गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थान में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा का जन्मदिन उत्साह एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गौड़ ब्राह्मण आयुर्वेदिक कॉलेज में हवन एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने संस्थान के विकास एवं शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 21 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि शिक्षण संस्थान समाज के निर्माण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव होते हैं। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थान शिक्षा एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज की उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। ऐसे संस्थानों को सशक्त बनाना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाकर उनका जीवन बचाने में मदद मिलती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हवन जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं, आस्था और संस्कारों को सहेजने का माध्यम हैं। शिक्षा, सेवा और संस्कारों का समन्वय ही एक सशक्त एवं प्रगतिशील समाज की पहचान है। डॉ. अरविंद शर्मा ने संस्थान की गतिविधियों की सराहना करते हुए इसके विकास एवं शैक्षणिक कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए 21 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के विकास से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त होते हैं और समाज की प्रगति को नई दिशा मिलती है।
इस अवसर पर गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थाओं के प्रशासक एवं रोहतक के एसडीएम आशीष वशिष्ठ ने कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा का स्वागत किया तथा संस्थान की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने संस्थान के विकास के लिए 21 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा पर डॉ. शर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सहयोग संस्थान की शैक्षणिक एवं विकास संबंधी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का भी आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थाओं के पदेन सचिव डॉ. जयपाल शर्मा, गौड़ ब्राह्मण आयुर्वेदिक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वारिज पाण्डेय, पार्षद प्रवीण कौशिक, एडवोकेट मोनू अत्री, दिल्ली राज्य ब्राह्मणसभा के प्रधान रमेश मुद्गिल, खुशीराम शास्त्री, भीम भारद्वाज, एडवोकेट आजाद अत्री, जोगेंद्र अत्री, डॉ. कपिल भारद्वाज, डॉ. हरिओम वशिष्ठ, बिजेंद्र ब्रह्मचारी तथा ब्राह्मणवास के सरपंच राकेश सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
.jpeg)