IndiKnow 24x7 ताज़ा हिंदी समाचार · हर क्षण
सांपला तक मेट्रो लाने के लिए केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात, जल्द पूरा होगा क्षेत्रवासियों का सपना : डॉ. अरविंद शर्मा

सांपला तक मेट्रो लाने के लिए केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात, जल्द पूरा होगा क्षेत्रवासियों का सपना : डॉ. अरविंद शर्मा

🇮🇳 हिंदी📅 13 Oct 2026✍️ IndiKnow
WhatsApp Telegram X / Twitter

भगवान परशुराम भवन में हवन के साथ मनाया कैबिनेट मंत्री का जन्मदिन, क्षेत्रवासियों ने दी शुभकामनाएं
डॉ. अरविंद शर्मा बोले, आप सभी मेरे परिवार के सदस्य, मेरे घर के दरवाजे आपके लिए 24 घंटे खुले
नगरपालिका चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने का दिया भरोसा, सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की दी जानकारी

IndiKnow, रोहतक। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सांपला तक मेट्रो पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री से भी मुलाकात कर क्षेत्र की मांग प्रमुखता से उठाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं, जब सांपला भी मेट्रो रेल सेवा से जुड़ेगा। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सोमवार को सांपला स्थित भगवान परशुराम भवन में अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हवन का आयोजन किया गया तथा उपस्थित लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। डॉ. अरविंद शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का प्यार, स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि आप सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं। मेरा और आपका रिश्ता केवल राजनीति का नहीं, बल्कि विश्वास, अपनत्व और सुख-दुख का है। मेरे घर के दरवाजे आप सभी के लिए 24 घंटे खुले हैं। किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या लेकर आने के लिए किसी सिफारिश या समय लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना ही उनके जीवन का उद्देश्य है और वह हमेशा क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।

डॉ. अरविंद शर्मा ने सांपला के विकास को लेकर कहा कि नगरपालिका चुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों से जो वादे किए गए थे, उन्हें पूरा करवाया जाएगा। शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को लेकर वह पूरी गंभीरता से प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि सांपला के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य करवा रही है। युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां देने की नीति से पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है। गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ा रही हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अरविंद शर्मा ने जन्मदिन पर मिले स्नेह और आशीर्वाद के लिए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह विश्वास उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।

More from 24x7

← मुख्य पृष्ठ पर वापस जाएं / Back to IndiKnow