Indiknow, रोहतक । महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक में आयोजित 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दूसरे दिन कश्मीर, दमन एवं दीव, हरियाणा और दिल्ली की टीमों के बीच खेले गए मुकाबले बराबरी पर छूटे।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि संत अमरदास ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। एमडीयू के रजिस्ट्रार डॉ. बंसल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा खेलों का हब है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। खेल न केवल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हरियाणा फ्लोरबॉल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र फौगाट ने हरियाणा सरकार की खेल नीति और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि पैदा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। फ्लोरबॉल जैसे खेलों को प्रोत्साहन मिलने से प्रदेश में खेल संस्कृति मजबूत होगी और युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। गजेंद्र फौगाट ने कहा कि राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का उद्देश्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ देशभर में इस खेल को लोकप्रिय बनाना भी है। प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और मुकाबलों के माध्यम से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के नशामुक्ति अभियान को आगे बढ़ाने में खेलों की अहम भूमिका है। खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अनुशासन बनाए रखने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। एमडीयू, रोहतक में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा साबित करने, आपसी खेल भावना को मजबूत करने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर खेल निदेशक एवं फ्लोरबॉल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपेंद्र आर्य, सचिव सुरजीत नैन, कोषाध्यक्ष सुनील शास्त्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।