IndiKnow 24x7 ताज़ा हिंदी समाचार · हर क्षण
राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का भव्य आगाज़, खिलाड़ियों के साथ कलाकारों ने भी बांधा समां

राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का भव्य आगाज़, खिलाड़ियों के साथ कलाकारों ने भी बांधा समां

🇮🇳 हिंदी📅 10 Oct 2026✍️ IndiKnow
WhatsApp Telegram X / Twitter


एशियन मेडलिस्ट सुनील मलिक और आशिमा अहलावत हुए शामिल
चेयरमैन मंजू हुड्डा व भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक ने किया शुभारंभ
अमित सैनी रोहतकिया, प्रदीप बूरा, पूजा हुड्डा और वीर साहू की प्रस्तुतियों पर जम कर नाचे खिलाड़ी
गजेंद्र फौगाट बोले—पहली बार एक मंच पर एकत्रित हुए कलाकार, खिलाड़ी और राजनीतिज्ञ
पहले मुकाबले में हरियाणा और दिल्ली की टीमें बराबरी पर रहीं

 IndiKnow, रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का भव्य आगाज़ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में खेल, कला और राजनीति जगत की हस्तियों ने शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। जिला परिषद चेयरमैन मंजू हुड्डा और भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

 इस अवसर पर एशियन मेडलिस्ट एवं भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान सुनील मलिक और एशियन चैंपियनशिप पदक विजेता निशानेबाज आशिमा अहलावत भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र फौगाट ने किया सबका सत्कार

 हरियाणा फ्लोरबॉल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र फौगाट के नेतृत्व में आयोजित समारोह में खेलों के साथ हरियाणवी कला एवं संस्कृति का भी शानदार संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध कलाकार अमित सैनी रोहतकिया, प्रदीप बूरा, पूजा हुड्डा और वीर साहू ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में हरियाणवी लोक संस्कृति की झलक के साथ खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। गजेंद्र फौगाट ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और कलाकारों का स्वागत एवं सत्कार किया।

 इस अवसर पर सबका स्वागत करते हुए गजेंद्र फौगाट ने कहा कि राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कलाकारों, खिलाड़ियों और राजनीतिज्ञों का एक मंच पर एकत्रित होना अपने आप में विशेष है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करते हैं।

मुख्यतिथि मंजू हुड्डा ने सब खिलाड़ियों को किया प्रेरित

 शुभारंभ करते हुए मुख्यतिथि मंजू हूडा ने कहा कि नशे से दूर रहकर खेलों में अपने देश प्रदेश का नाम रौशन करना ही सब युवाओं की प्राथमिकता होनी चाहिए । रोहतक में सारे देश के खिलाड़ी खेल भावना का संदेश लेकर जाएं । भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र कौशिक ने कहा कि आज हरियाणा के खिलाड़ी एशियाड में धाक जमा के आये है । ये सब  प्रदेश सरकार की खेल नीति की वजह से हुआ है ।

एशियाड में भारतीय कबड्डी  टीम के कप्तान सुनील मलिक व निशानेबाज आशिमा रहे आकर्षण

 


दोनों पदक प्राप्त खिलाड़ियों ने सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया । उन्होंने सब खिलाड़ियों को ऑटोग्राफ भी दिए । आयोजकों ने उन्हें स्मृति चिन्ह व किट भेंट करके सम्मानित किया । चैंपियनशिप के पहले मुकाबले में हरियाणा और दिल्ली की टीमों के बीच रोमांचक खेल देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। पहले मैच से ही प्रतियोगिता में कड़ी प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।

 इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के साथ-साथ खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाने और नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया जा रहा है।

More from 24x7

← मुख्य पृष्ठ पर वापस जाएं / Back to IndiKnow