IndiKnow 24x7 ताज़ा हिंदी समाचार · हर क्षण
अंतरराष्ट्रीय मिडवाइफरी दिवस पर नर्सिंग छात्राओं ने आपातकालीन कौशल का किया प्रदर्शन

अंतरराष्ट्रीय मिडवाइफरी दिवस पर नर्सिंग छात्राओं ने आपातकालीन कौशल का किया प्रदर्शन

🇮🇳 हिंदी📅 05 May 2026✍️ IndiKnow
WhatsApp Telegram X / Twitter
अंतरराष्ट्रीय मिडवाइफरी दिवस पर नर्सिंग छात्राओं | पंडित भगवत दयाल शर्मा आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के नर्सिंग - IndiKnow 24x7

Indiknow, रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के नर्सिंग महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मिडवाइफरी दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “वन मिलियन मोर मिडवाइव्स” रही, जिसका उद्देश्य मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना है। यह कार्यक्रम एम.एससी. नर्सिंग (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञता) विभाग द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बी.एससी. नर्सिंग 7वें सेमेस्टर एवं पोस्ट बेसिक नर्सिंग प्रथम वर्ष की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक स्टेशनों की स्थापना की गई, जिनमें प्रसव पूर्व रक्तस्राव , प्रसवोत्तर रक्तस्राव (पीपीएच ), शोल्डर डायस्टोसिया, प्री-एक्लेम्पसिया एवं एक्लेम्पसिया, नवजात पुनर्जीवन (एनआरपी) तथा बेसिक नवजात पुनर्जीवन (बेसिक एनआरपी ) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इन स्टेशनों के माध्यम से छात्राओं ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रबंधन की उत्कृष्ट क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर्स—बलजीत, सुमित्रा, शकुंतला, सुशीला एवं अर्चना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जिनकी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। इस अवसर पर डॉ. पुष्पा दहिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि दाइयां मातृ एवं नवजात मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा आपातकालीन स्थितियों की समय पर पहचान अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के सफल संचालन में निधि मैम एवं किरण मैम द्वारा विशेष समन्वय किया गया, जिन्होंने विशेष रूप से एनआरपी  एवं बेसिक एनआरपी स्टेशनों का कुशलतापूर्वक निर्देशन किया। नर्सिंग महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता कुमारी ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने नैदानिक ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता एवं व्यावहारिक कौशल का अत्यंत प्रभावशाली प्रदर्शन किया तथा सुरक्षित मातृत्व का सशक्त संदेश दिया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया एवं इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजनों को भविष्य में भी निरंतर जारी रखने पर बल दिया गया।


More from 24x7

← मुख्य पृष्ठ पर वापस जाएं / Back to IndiKnow