IndiKnow 24x7 ताज़ा हिंदी समाचार · हर क्षण
संजयनगर में श्रीमद् भागवत कथा के पंचम दिवस पर गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग महोत्सव सम्पन्न, कान्हा स्वरूप ने भक्तों को किया भावविभोर

संजयनगर में श्रीमद् भागवत कथा के पंचम दिवस पर गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग महोत्सव सम्पन्न, कान्हा स्वरूप ने भक्तों को किया भावविभोर

🇮🇳 हिंदी📅 09 May 2026✍️ IndiKnow
WhatsApp Telegram X / Twitter
संजयनगर में श्रीमद् भागवत कथा के पंचम दिवस पर | संजयनगर सेक्टर-23 स्थित एच ब्लॉक झूलेवाला पार्क में आयोजित - IndiKnow 24x7

Indiknow, गाजियाबाद। संजयनगर सेक्टर-23 स्थित एच ब्लॉक झूलेवाला पार्क में आयोजित संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा के पंचम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास का दिव्य वातावरण देखने को मिला। कथा व्यास पंडित संजीव शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग के महत्व का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो उठे। कथा के दौरान गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण को विविध प्रकार के मिष्ठान एवं व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया तथा उसके उपरांत भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह एवं श्रद्धा के साथ पूजन-अर्चन कर भगवान गिरिराज महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

विशेष आकर्षण के रूप में कान्हा के बाल स्वरूप में रेयांश सिंह ने उपस्थित भक्तों को भावविभोर कर दिया। बाल गोपाल के रूप में सजे रेयांश सिंह ने सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान भक्तों ने चरण वंदन, तिलक वंदन एवं पूजन कर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। पूरा पांडाल “राधे-राधे” एवं “गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो” के जयकारों से गूंज उठा। भक्ति गीत प्रस्तुत करने वाले श्याम भक्त कुलदीप एवं राजेश ने अपने मधुर भजनों से सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्तजन भक्ति गीतों पर झूमने को मजबूर हो गए और पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा।

कथा व्यास पंडित संजीव शर्मा ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, गौ सेवा एवं धर्म के प्रति समर्पण का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं मानव जीवन को प्रेम, करुणा एवं सेवा का मार्ग दिखाती हैं। इस अवसर पर नामित पार्षद प्रदीप चौधरी, हरपाल सिंह जादौन, विष्णु शर्मा, पवन सहलोत, सत्यवीर सिंह, विजय अरोड़ा, विमल कुमार, सुनील चौधरी, आयुष, रेयांश, आहना, आरना, काशवी, प्रेमलता, बीना चौधरी, मीना शर्मा, रेखा सिंघल, शशि, ऊषा, गीता, सरिता, कल्पना, सोनिया, अनुष्का, अंकुश, शिवानी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा स्थल को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी झांकियों एवं धार्मिक सजावट से भव्य रूप दिया गया था। श्रद्धालुओं ने कथा एवं उत्सव का आनंद लेते हुए इसे आध्यात्मिक अनुभूति का अद्भुत अवसर बताया।


More from 24x7

← मुख्य पृष्ठ पर वापस जाएं / Back to IndiKnow