IndiKnow 24x7 ताज़ा हिंदी समाचार · हर क्षण
राष्ट्रीय व्यापार मंडल का व्यापारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह : व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापारी आयोग का गठन अत्यंत आवश्यक

राष्ट्रीय व्यापार मंडल का व्यापारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह : व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापारी आयोग का गठन अत्यंत आवश्यक

🇮🇳 हिंदी📅 23 Apr 2026✍️ IndiKnow
WhatsApp Telegram X / Twitter
राष्ट्रीय व्यापार मंडल का व्यापारी सम्मेलन एवं | राष्ट्रीय व्यापार मंडल द्वारा राजनगर स्थित औरनेट पैलेस (Image 1) - IndiKnow 24x7

Indiknow, गाजियाबाद । राष्ट्रीय व्यापार मंडल द्वारा राजनगर स्थित औरनेट पैलेस मैरिज होम में बुधवार शाम  भव्य व्यापारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय महामंत्री विवेक त्यागी ने की तथा सम्मेलन का आयोजन जिला अध्यक्ष बाल किशन गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ। सम्मेलन में सैकड़ों व्यापारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। सम्मेलन में वक्ताओं ने व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए व्यापारी आयोग के गठन की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश में बाल आयोग, अल्पसंख्यक आयोग एवं अनुसूचित आयोग हैं, उसी प्रकार व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापारी आयोग का गठन अत्यंत आवश्यक है। आयोग के अभाव पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।

राष्ट्रीय व्यापार मंडल का व्यापारी सम्मेलन एवं | राष्ट्रीय व्यापार मंडल द्वारा राजनगर स्थित औरनेट पैलेस (Image 2) - IndiKnow 24x7

राष्ट्रीय महामंत्री विवेक त्यागी ने अपने संक्षिप्त अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए व्यापारी आयोग का गठन आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया। इसके साथ ही आगामी चुनावों में राजनीतिक दलों से अधिक से अधिक व्यापारियों को उम्मीदवार बनाए जाने का आह्वान किया गया। व्यापारियों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद सांसदों एवं विधायकों की तर्ज पर पेंशन एवं भत्तों की व्यवस्था लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। सम्मेलन में व्यापारियों के उत्पीड़न के विरुद्ध एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंडित अशोक भारतीय ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में गाजियाबाद के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु समाज के सभी वर्गों से कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मेरठ नगर निगम के डिप्टी मेयर अनिल वर्मा, गाजियाबाद नगर निगम से मनोनीत पार्षद प्रदीप चौधरी, मेरठ से मनोनीत पार्षद संजय शर्मा तथा सरधना नगर पालिका के सभासद मंगू प्रधान को स्मृति चिन्ह, पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि पूर्व महापौर आशु वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा और नागरिकों के हितों के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारी समाज की हर समस्या को प्रमुखता से उठाया जाएगा। विशिष्ट अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने व्यापारियों को हर स्तर पर सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि संगठन सदैव व्यापारियों के साथ खड़ा है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

निगम उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी तथा नीतियों को अधिक सरल एवं व्यापारी हितैषी बनाने का प्रयास किया जाएगा। सम्मेलन को राष्ट्रीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंडित राकेश शर्मा, चिन्मय भारद्वाज, रितेश शर्मा, बाल किशन गुप्ता, सौरभ यादव, संदीप त्यागी रसम, डॉक्टर विनीता त्यागी, डॉक्टर सोनिका शर्मा, काजल छिब्बर वीरेंद्र सारस्वत, अनिल वर्मा, दीपक शर्मा , नीरज त्यागी एवं प्रदीप चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

राष्ट्रीय व्यापार मंडल ने पहलगाम में हिंदुओं के दुखद नरसंहार की वार्षिकी पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सम्मेलन के दौरान कई नए सदस्यों को संगठन की सदस्यता भी दिलाई गई। इसके अतिरिक्त सम्मेलन में नगर निगम गाजियाबाद द्वारा दी गई छूट के लिए योगी सरकार का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही कूड़ा पृथक्करण एवं फोटो अपलोड जैसे नियमों को सरल बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

More from 24x7

← मुख्य पृष्ठ पर वापस जाएं / Back to IndiKnow