IndiKnow, रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक के सुश्रुता सभागार में शुक्रवार को दीपावली से पहले रामोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। शाम से शुरू होकर देर रात तक गीत-संगीत, नृत्य, फेस पेंटिंग, मेहंदी प्रतियोगिता, विभिन्न गेम्स स्टॉल और रामायण नाट्य मंचन का दौर चलता रहा। बच्चों से लेकर चिकित्सक,कर्मचारियों तक सभी भक्तिमय माहौल में झूमते नजर आए और शाम को डीजे की धुन पर दीपावली के जश्न का आगाज हुआ।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भजन, नृत्य और रामायण के जीवंत मंचन को देखकर पूरा परिसर भक्ति-विभोर हो गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए खान-पान और गेम्स के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जहां बच्चों ने खूब मनोरंजन किया।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी युवा पीढ़ी को अपनी सभ्यता और संस्कृति से जोड़ते हैं। भगवान श्री राम के आदर्श आज भी हमें कर्तव्य और सेवा का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की मांग पर शनिवार और सोमवार की छुट्टी की घोषणा की, जिस पर पूरे परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई।
कार्यकारी कुलसचिव एवं डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ ने कहा कि रामोत्सव केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि एकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। इस तरह के आयोजनों से विश्वविद्यालय परिवार में आपसी प्रेम और सौहार्द बढ़ता है और कार्यस्थल का माहौल खुशनुमा बनता है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर अत्री ने कहा कि पीजीआईएमएस एक परिवार है और दीपावली से पहले यह रामोत्सव उसी पारिवारिक भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को भगवान राम के आदर्शों को अपनाते हुए मरीजों की सेवा को ही अपनी सच्ची पूजा मानना चाहिए।
जन संपर्क विभाग के सीनियर प्रोफेसर इंचार्ज डॉ मंजूनाथ बी सी ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर डीन छात्र कल्याण डॉक्टर अपर्णा परमार,डॉक्टर मधु शर्मा,डॉ दीपक जैन, डॉ प्रोमिला सहित कई सीनियर फैकल्टी सदस्य भी उपस्थित रहे।




