सेठ बिमल प्रसाद जैन एवं सुशीला देवी जैन की स्मृति में उद्योगपति राजेश जैन
ने करवाया भव्य द्वार का निर्माण
सांसद दीपेंद्र हुड्डा और विधायक भारत भूषण बत्तरा ने किया उद्घाटन, भगवान श्रीकृष्ण और गोमाता
की प्रतिमाएं बनीं आकर्षण का केंद्र
IndiKnow, रोहतक। जनता कॉलोनी स्थित श्रीवैश्य व्यायामशाला एवं गोशाला का मुख्य प्रवेश द्वार अब भव्य और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा। समाजसेवी उद्योगपति राजेश जैन द्वारा सेठ बिमल प्रसाद जैन एवं सुशीला देवी जैन के नाम पर संगमरमर से निर्मित विशाल प्रवेश द्वार का शुक्रवार को समारोहपूर्वक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक भारत भूषण बत्तरा सहित शहर के अनेक गणमान्य लोगों ने शिरकत की। उद्घाटन के साथ ही नवनिर्मित द्वार आमजन के लिए खोल दिया गया। समारोह में मुख्य अतिथि सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक भारत भूषण बत्तरा, कार्यक्रम अध्यक्ष समाजसेवी उद्योगपति राजेश जैन, विशिष्ट अतिथि समाजसेवी सुरेश बंसल, महम से विजय मित्तल तथा संस्था के प्रधान सुभाष तायल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर द्वार में प्रवेश किया। इसके बाद रिमोट का बटन दबाकर भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया गया।
संस्था के मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने बताया कि उद्योगपति राजेश जैन द्वारा निर्मित करवाया गया यह प्रवेश द्वार 20 फुट चौड़ा, 24 फुट ऊंचा और 30 फुट लंबा है। संगमरमर के पत्थरों से तैयार इस द्वार को आकर्षक वास्तुशिल्प के साथ सजाया गया है। द्वार के ऊपरी हिस्से में भगवान श्रीकृष्ण और गोमाता की सुंदर प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो धार्मिक आस्था और गोसेवा का संदेश देती हैं। इसके अलावा द्वार के आसपास और अंदर रंग-बिरंगी रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे रात के समय इसकी भव्यता और बढ़ जाएगी।
उन्होंने बताया कि नए प्रवेश द्वार के निर्माण से गोशाला परिसर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं, गोसेवकों और राहगीरों को भी सुविधा मिलेगी। समारोह में उपस्थित लोगों ने इस निर्माण कार्य की सराहना करते हुए इसे गोसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का मोतियों की माला, पटका और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन विजय बाबा ने किया।
समारोह में जयभगवान मंगला, विजय गुप्ता बाबा, जयभगवान ऐरन, राजेंद्र ऐरन, दिनेश तायल, अनिल बंसल, राजीव जैन, सन्नी निझावन, विकास कंसल, सुशील मंगला, निदेश गोयल, अमित गर्ग, सुशील गुप्ता, सुरेश तायल, संजय गुप्ता, अशोक गुप्ता सहित महिला मंडल की सदस्याएं, गोशाला के पदाधिकारी और शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
