नई तकनीक सीखने को बनाएं अपनी आदत : कुलपति डॉ एच के अग्रवाल
IndiKnow, रोहतक। इंडियन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस एवं मेडिसिन विभाग, पीजीआईएमएस के संयुक्त तत्वावधान में आईसीपी नॉलेज लीग-2026 नेशनल पीजी मेडिसिन क्विज का हरियाणा स्टेट राउंड एलटी-1 में आयोजित किया गया। इसमें हरियाणा के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों की 18 टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के तौर पर छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मेडिसिन रोज बदल रही है, हर दिन नई गाइडलाइन, नई दवा और नई रिसर्च सामने आ रही है। ऐसे में सिर्फ किताबी ज्ञान काफी नहीं है। पीजी छात्रों को क्लीनिकल प्रैक्टिस के साथ-साथ रिसर्च, जर्नल रीडिंग और नए एडवांस को अपनी आदत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के क्विज छात्रों में पढ़ने की ललक पैदा करते हैं और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सोचने का मौका देते हैं।
चिकित्सा अधीक्षक एवं एचओडी मेडिसिन डॉ सुधीर अत्री ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पीजीआईएमएस रोहतक में इस तरह के एकेडमिक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि हमारे पीजी छात्र न केवल अच्छे डॉक्टर बनें बल्कि अच्छे रिसर्चर भी बनें। मेडिसिन विभाग भविष्य में भी एपीआई के साथ मिलकर ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। एपीआई हरियाणा के चेयरमैन डॉ सतीश गुलाटी ने कहा कि एपीआई का मुख्य उद्देश्य पूरे प्रदेश के फिजिशियंस को एक मंच पर लाना और ज्ञान को साझा करना है। आईसीपी नॉलेज लीग जैसे क्विज से जूनियर डॉक्टरों में एक हेल्दी कॉम्पिटिशन की भावना आती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
एपीआई एवं आईसीपी हरियाणा के सचिव डॉ दीपक जैन ने बताया कि यह क्विज राष्ट्रीय स्तर की क्विज है। इसका हरियाणा स्टेट राउंड आज रोहतक में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। उन्होंने बताया कि इस राउंड की विजेता टीम अब हरियाणा का प्रतिनिधित्व एपिकॉन 2027 में करेगी। उन्होंने सभी 18 टीमों, फैकल्टी और वॉलंटियर्स का आभार जताया। क्विज का संचालन नई दिल्ली से आए प्रसिद्ध क्विज मास्टर मुकेश भाटिया ने किया। इस मौके पर एपीआई के पैट्रन डॉ एस एल वर्मा, डॉ अशोक गुप्ता, डॉ संदीप गोयल और डॉ प्रोमिला जैन सहित मेडिसिन विभाग के सभी फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।
