‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कलानौर में 22 अक्तूबर को कांग्रेस का विरोध मार्च
-जिंदरान चौक से
पुराने बस स्टैंड तक निकलेगा मार्च, लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर उठाई जाएंगी आठ प्रमुख मांगें
-22 अक्तूबर को कलानौर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’
विरोध मार्च निकालेगी कांग्रेस, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी और शकुंतला खटक करेंगे
नेतृत्व
IndiKnow, रोहतक। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान और एआईसीसी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण), कलानौर की ओर से 22 अक्टूबर, वीरवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ विरोध प्रदर्शन मार्च का आयोजन किया जाएगा। इस मार्च का नेतृत्व सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं जिला प्रभारी सतपाल ब्रह्मचारी तथा कलानौर की विधायक शकुंतला खटक करेंगे। जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष बलवान रंगा भी कार्यक्रम के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के प्रधान कुशलानंद वशिष्ठ ने बताया कि विरोध मार्च सुबह 10 बजे जिंदरान चौक से शुरू होकर पुराने बस स्टैंड, कलानौर तक निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को प्रमुखता से उठाना है।
कुशलानंद वशिष्ठ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए देशव्यापी आंदोलन चला रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और रोहतक लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में इस अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में मतों की अनियमितताओं को लेकर जनता में असंतोष है। उन्होंने भाजपा सरकार और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, ईवीएम की विश्वसनीयता और मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका को लेकर कांग्रेस की ओर से गंभीर आपत्तियां उठाई जा रही हैं। कांग्रेस इन मुद्दों की निष्पक्ष जांच और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रही है।
कांग्रेस की ओर से आयोजित इस विरोध मार्च के दौरान आठ प्रमुख मांगें उठाई जाएंगी। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच, हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में कथित वोट चोरी की स्वतंत्र जांच, दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई करने तथा चुनाव आयोग के कामकाज में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त हरियाणा में नए सिरे से विधानसभा चुनाव कराने, विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया रद्द करने, भविष्य में सभी चुनाव मतपत्रों के माध्यम से कराने तथा चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में भारत के मुख्य न्यायाधीश की भूमिका बहाल करने की मांग भी उठाई जाएगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण), कलानौर के प्रधान कुशलानंद वशिष्ठ ने क्षेत्र के सभी कांग्रेस संगठनों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सरपंचों, पंचों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के सदस्यों के साथ-साथ किसानों, मजदूरों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से विरोध मार्च में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर जनभागीदारी आवश्यक है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम को सफल बनाने और जनता तक पार्टी का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया है।