दशहरा पर्व पर 20 अक्टूबर को ओल्ड शुगर मिल ग्राउंड में होगा भव्य सनातनी सम्मेलन : मनीष कुमार ग्रोवर
-कहा,मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि
-लगभग 300 ड्रोन के माध्यम से दिखाई जाएगी प्रभु श्रीराम
की दिव्य गाथा
-‘हनुमान अंश’
फिल्म के कलाकार और मथुरा की केशव टीम क्लबिंग
भजनों की प्रस्तुति से बांधेंगे समां
-उपायुक्त सतबीर
सिंह की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
-प्रशासनिक
अधिकारियों ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
-रोहतक के आसमान
में पहली बार ड्रोन शो के माध्यम से दिखाई जाएगी प्रभु श्रीराम की दिव्य गाथा
IndiKnow, रोहतक। दशहरा पर्व के अवसर पर 20 अक्टूबर को नई अनाज मंडी के सामने स्थित ओल्ड शुगर मिल ग्राउंड में भव्य सनातनी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को उपायुक्त सतबीर सिंह की अध्यक्षता में उनके कैंप कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल, नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र दुल्हन, जिला पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एसडीएम आशीष कुमार, नगराधीश शुभम, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता तथा कार्यक्रम के संयोजक एवं उद्योगपति करण विग मौजूद रहे। करण विग ने बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक के उपरांत पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने बताया कि इस भव्य आयोजन का प्रमुख आकर्षण ड्रोन शो होगा। लगभग 300 ड्रोन के माध्यम से आसमान में प्रभु श्रीराम की दिव्य गाथा, राम-रावण युद्ध तथा रामायण के विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक दृश्यों के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह रोहतक के लोगों के लिए एक अनूठा अनुभव होगा और इस आयोजन के माध्यम से सनातन संस्कृति, भगवान श्रीराम के आदर्शों तथा भारतीय धार्मिक परंपराओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। ग्रोवर ने कहा कि हम सभी सनातनी हैं और अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा धार्मिक विरासत का संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार करना हमारा दायित्व है। इसी भावना के साथ इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा ले सकें। पूर्व मंत्री श्री मनीष कुमार ग्रोवर ने बताया कि सम्मेलन में ‘हनुमान अंश’ फिल्म के कलाकार विशेष रूप से शिरकत करेंगे। इसके अलावा मथुरा से आने वाली केशव टीम क्लबिंग भजनों की प्रस्तुति देगी, जिससे श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होंगे। उन्होंने कहा कि ड्रोन शो, धार्मिक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी की गई है।
दिग्विजय सिंह के बयान की निंदा, कांग्रेस पर लगाया तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप
मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा सनातन धर्म के संबंध में दिए गए बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और इसी कारण उसके नेता लगातार हिंदू विरोधी बयान दे रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल, युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर, पवन आहूजा, विकास बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।


.jpeg)